नशीली दवाइयों पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही-148 नग नशीली Nitrazepam टैबलेट जब्त-आरोपी गिरफ्तार
आरंग।थाना मंदिर हसौद पुलिस ने ग्राम खुटेरी तिराहा के पास कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली Nitrazepam Tablets IP Nitrosun 10 की 148 नग टैबलेट बरामद की हैं। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नशीली गोलियों के साथ बिक्री की रकम भी जब्त की है।पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खुटेरी तिराहा के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद अहदाब खान (30), पिता मोहम्मद नईम खान, निवासी ग्राम खुटेरी, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर के रूप में हुई।तलाशी के दौरान आरोपी के पहने हुए जींस की जेब से 15 पत्ते में कुल 148 नग Nitrazepam Tablets IP Nitrosun 10 बरामद हुईं। इनमें 13 पत्तों में 10-10 तथा 2 पत्तों में 9-9 टैबलेट थीं। पुलिस ने मौके पर ड्रग्स अधिकारी की मौजूदगी में टैबलेट की जांच कराई। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कर जब्ती की कार्रवाई की गई।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद 148 टैबलेट की कीमत 1,184 रुपये तथा बिक्री रकम 1,520 रुपये, कुल 2,704 रुपये का माल जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 21(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर विवेचना में लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई मंदिर हसौद पुलिस द्वारा की जा रही है।
विनोद गुप्ता

