पुराने बस स्टैंड स्थल पर ही नए बस स्टैंड निर्माण की मांग-सामान्य सभा में इन्होंने उठाया मुद्दा

आरंग। नगर पालिका परिषद आरंग की सामान्य सभा की बैठक में शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान कृष्णा वार्ड क्रमांक 09 के पार्षद पुष्कर साहू ने शहर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण नए बस स्टैंड निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। पार्षद पुष्कर साहू ने एक विज्ञप्ति में जानकारी देते हुए कहा कि नए बस स्टैंड का निर्माण पुराने बस स्टैंड के यथावत स्थान पर ही किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान बस स्टैंड शहर के मध्य में स्थित है, जिससे आसपास के व्यापारियों, यात्रियों और आम नागरिकों को सुविधा मिलती है। यदि बस स्टैंड को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाता है तो इससे लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा और व्यापार पर भी प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए परिषद को जनभावना को ध्यान में रखते हुए इसी स्थान पर नए बस स्टैंड का निर्माण करने का निर्णय लेना चाहिए।बैठक के दौरान पार्षद पुष्कर साहू ने गौधन योजना को लेकर भी परिषद का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि यह योजना शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और पशुपालकों को लाभ पहुंचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने परिषद से मांग की कि गौधन योजना को लेकर जल्द से जल्द निर्णय लिया जाए, ताकि योजना का लाभ शहरवासियों को मिल सके।इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान परिषद के समस्त पार्षदों ने भी अपनी सहमति जताते हुए गौधन योजना पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। पार्षदों का कहना था कि योजना के लागू होने से आवारा पशुओं की समस्या में कमी आएगी और जैविक खाद उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षदगण और अधिकारीगण उपस्थित रहे, जिन्होंने शहर के विकास और जनहित को ध्यान में रखते हुए विषयों पर सकारात्मक चर्चा की।
विनोद गुप्ता-आरंग


