Blog

हाईवे किनारे गुजरा फाटक चौक बना हादसों का जंजाल-डीज़ल टैंकरों की अवैध पार्किंग से बढ़ा खतरा-बड़े हादसे की आशंका

हाईवे किनारे गुजरा फाटक चौक बना हादसों का जंजाल-डीज़ल टैंकरों की अवैध पार्किंग से बढ़ा खतरा-बड़े हादसे की आशंका

आरंग। नेशनल हाईवे पर स्थित गुजरा फाटक चौक इन दिनों गंभीर अव्यवस्था और दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बन गया है। यहां हाईवे के किनारे स्थित व्यावसायिक परिसर में प्रतिदिन 40–50 डीज़ल टैंकरों की अवैध पार्किंग होने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। यह सभी टैंकर गुजरा ऑयल डिपो से संबंधित माने जा रहे हैं, जिनकी अनियमित पार्किंग से स्थानीय लोग और राहगीर भारी परेशान हैं।सबसे चिंताजनक स्थिति तब पैदा होती है जब ये डीज़ल टैंकर होटल-ढाबों की जलती भट्ठियों और खुले चूल्हों के ठीक पास घंटों खड़े रहते हैं। ज्वलनशील पदार्थ से भरे वाहनों के पास आग की मौजूदगी किसी बड़े हादसे का स्पष्ट निमंत्रण है। सुरक्षा मानकों की खुलेआम धज्जियाँ उड़ाते इन वाहनों के कारण कभी भी भयावह विस्फोट जैसी घटना हो सकती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि टैंकर ड्राइवरों की मनमानी और नियमों की अनदेखी हाईवे को दुर्घटना क्षेत्र में बदल रही है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद न तो किसी प्रकार की निगरानी की व्यवस्था की गई है और न ही पार्किंग पर नियंत्रण के लिए कोई कार्रवाई दिख रही है।व्यापारी लीलक साहु सहित दर्जनों ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर अचानक खड़े टैंकरों के कारण कई बार दुर्घटना से बाल-बाल बचे हैं। ये पार्किंग पूरी तरह अवैध है, लेकिन कोई रोक-टोक नहीं।यातायात विशेषज्ञों का भी मानना है कि ईंधन से भरे भारी वाहनों की भीड़भाड़ से हाईवे पर दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने जिला प्रशासन, ऑयल डिपो प्रबंधन और पुलिस-यातायात विभाग से मांग की है कि अवैध पार्किंग पर तत्काल रोक, नियमित पेट्रोलिंग और वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो गुजरा फाटक चौक पर कभी भी गंभीर जनहानि वाला बड़ा हादसा हो सकता है।
विनोद गुप्ता-आरंग

Related Articles

Back to top button