समाज की एकजुटता और शिक्षा ही प्रगति का असली आधार- डॉ. शिवकुमार डहरिया

आरंग।जनपद पंचायत आरंग के अंतर्गत ग्राम कोटनी में धीवर (ढीमर) समाज कोटनी परगना द्वारा आयोजित धीवर समाज सामाजिक भवन लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्मित सामुदायिक भवन का विधिवत लोकार्पण कर सामाजिक बंधुजनों को संबोधित करते हुए समाज की शक्ति, संगठन और आने वाली पीढ़ी के भविष्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह नवनिर्मित सामुदायिक भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं है, बल्कि यह धीवर समाज की एकता, अखंडता और साझा संकल्पों का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की उन्नति के लिए एक साझा मंच का होना अनिवार्य है, जहाँ बैठकर समाज के प्रबुद्ध जन भविष्य की रूपरेखा तैयार कर सकें। यह भवन सामाजिक गतिविधियों, शैक्षणिक विमर्श और मांगलिक आयोजनों के माध्यम से समाज को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।डॉ. डहरिया ने शिक्षा की महत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वर्तमान का दौर प्रतिस्पर्धा का है और इस युग में वही समाज आगे बढ़ सकता है जो शिक्षित और जागरूक है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा और तकनीकी ज्ञान से जोड़ें, ताकि धीवर समाज के युवा प्रशासनिक सेवाओं, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और व्यापार जैसे क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज की असली संपत्ति उसकी शिक्षित युवा पीढ़ी ही है, जो समाज की कुरीतियों को दूर कर उसे विकास की मुख्यधारा में ले जाएगी।डॉ डहरिया ने धीवर समाज की गौरवशाली परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह समाज जल, जंगल और जमीन से जुड़ा हुआ एक कर्मठ समाज है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति और अर्थव्यवस्था में इस समाज का अमूल्य योगदान है। उन्होंने आश्वस्त किया कि समाज के पारंपरिक आजीविका के साधनों को सुरक्षित रखने और उन्हें आधुनिक संसाधनों से जोड़ने के लिए वे हर स्तर पर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए आधुनिकता के साथ तालमेल बिठाने की अपील की।संबोधन के समापन में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संगठन ही सबसे बड़ी शक्ति है। यदि समाज एकजुट होकर अपनी आवाज उठाएगा, तो विकास की राह में कोई भी बाधा उसे रोक नहीं पाएगी। उन्होंने कोटनी परगना के सामाजिक कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि वे सदैव समाज के सुख-दुख में सहभागी रहेंगे और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में सहदेव धीवर (अध्यक्ष, धीवर समाज कोटनी परगना) भीनू सुजित घिदौड़े (जि.पं. सदस्य रायपुर)कोमल सिंह साहू (अध्यक्ष, ब्लाक कांग्रेस कमेटी आरंग)गोपाल चतुर्वेदी (अध्यक्ष, नगर पालिका मंदिर हसौद)ईश्वर जोगलेकर (मंडल अध्यक्ष, लखौली) पुरूषोत्तम धीवर (मंडल अध्यक्ष मंदिर हसौद)ओमप्रकाश यादव(अध्यक्ष चंदखुरी)श्रीमती शांति बाई साहू (सरपंच ग्राम पंचायत कोटनी परगना) राजेश साहू (पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत कोटनी परगना)शुभांशु साहू ₹ज स आरंग) खेलन साहू जीतू रानी साहू प्रवीण सिंह राकेश मिश्रा राकेश जायसवाल हेमराज बंजारे अनुज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।
विनोद गुप्ता-आरंग






