
भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे से पहले आरंग क्षेत्र में क्रिकेट का जोश चरम पर-ऑनलाइन टिकट आधे घंटे में हुआ सोल्ड आउट

आरंग। 03 दिसंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित एक दिवसीय मुकाबले को लेकर आरंग विधानसभा क्षेत्र में क्रिकेट का बुखार चरम पर पहुँच गया है। चूंकि शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम इसी क्षेत्र में स्थित है, इसलिए यहाँ के बाजारों में मैच की चर्चाएँ लगातार गर्म हैं।स्थानीय क्रिकेट प्रेमी इस बात से खासे उत्साहित हैं कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर का मुकाबला उनके ही क्षेत्र में आयोजित हो रहा है। युवा खिलाड़ी, स्कूल–कॉलेज के छात्र और खेल प्रेमी सुबह से सोशल मीडिया पर टिकट उपलब्धता और एंट्री पास को लेकर जानकारी जुटाते रहे। कई परिवारों और युवाओं ने समूह बनाकर मैच देखने की योजना पहले ही तैयार कर ली है।इधर आरंग, लखौली रीवा कुकरा पलौद चंदखुरी, मंदिर हसौद, भानसोज, खौली फरफौद रसनी सहित आसपास के गांवों में क्रिकेट का क्रेज इस कदर है कि लोग स्टेडियम में लाइव मैच देखने के रोमांच को लेकर बेहद उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। इधर मैच में दर्शकों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए कई दुकानदारों ने विशेष तैयारी प्रारंभ कर दी है। परिवहन सेवाओं में भी हलचल तेज हो गई है, क्योंकि मैच के दिन मुख्य मार्गों पर भारी भीड़ की संभावना जताई जा रही है।ऑनलाइन टिकटों के आधे घंटे में सोल्ड आउट हो जाने के बाद प्रशासन और स्टेडियम प्रबंधन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस भी दर्शकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए भीड़ नियंत्रण की योजना तैयार कर रही है।क्षेत्र के एक युवा क्रिकेटर का कहना है हमारे क्षेत्र में इतना बड़ा मैच होना गर्व का विषय है। टिकट बुक करना चुनौती था, पर जिनको मिल गया वे बेहद खुश हैं। बाकी लोग भी टीवी और स्क्रीनिंग के जरिए मैच का आनंद लेने तैयार हैं।भारत–दक्षिण अफ्रीका के इस बड़े मुकाबले को लेकर आरंग विधानसभा क्षेत्र में माहौल पूरी तरह क्रिकेटमय हो चुका है। टिकटों की रफ्तार और लोगों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि 03 दिसंबर का मुकाबला दर्शकों के लिए यादगार साबित होने वाला है।
विनोद गुप्ता-आरंग


