Blog

पीएम श्री स्कूल में ‘बैगलेस डे’-विविध गतितिविधियो का हुआ आयोजन…

पीएम श्री स्कूल में ‘बैगलेस डे’-विविध गतितिविधियो का हुआ आयोजन…

आरंग।जनपद पंचायत आरंग के अंतर्गत पीएम श्री स्कूल भानसोज में शनिवार को विद्यार्थियों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए “बैगलेस डे” का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने बिना पुस्तक-बैग के विभिन्न रचनात्मक, खेलकूद एवं कौशल आधारित गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मकता एवं जीवन कौशल का विकास करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः योग सत्र से किया गया। प्रशिक्षक बुद्धेश्वर वर्मा ने विद्यार्थियों को सरल योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। योग के माध्यम से बच्चों को शारीरिक और मानसिक संतुलन का महत्व समझाया गया।इसके पश्चात रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक डिज़ाइन और रंग संयोजन प्रस्तुत कर अपनी सृजनात्मकता का परिचय दिया। मेहंदी कला गतिविधि में छात्राओं ने सुंदर आकृतियां बनाकर कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित की।कौशल शिक्षा सत्र के अंतर्गत बच्चों को हस्तकला, सरल तकनीकी कार्य एवं दैनिक जीवन में उपयोगी कौशल सिखाए गए। पुस्तकालय गतिविधि में कहानी-पाठ, पुस्तक समीक्षा और पठन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिससे विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि और आत्मविश्वास का विकास हुआ।खेलकूद कार्यक्रम में दौड़, कबड्डी, रस्सीकूद एवं टीम गेम्स आयोजित किए गए। इन गतिविधियों से बच्चों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन एवं टीम भावना का विकास हुआ।कार्यक्रम के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम की सफलता में शिक्षकगण चन्द्रशेखर साहू, धरम दास पाटिल, राजेश्वरी शर्मा, अरुण पटेल, प्रवीण कुमार सोनवानी, कपलेश्वर बंजारा, करम सोनवानी, भगवती साहू तथा शाला विकास समिति के अध्यक्ष उमेश धीवर की सहभागिता सराहनीय रही।“बैगलेस डे” ने विद्यार्थियों के लिए सीखने की प्रक्रिया को आनंददायक, रचनात्मक और यादगार बना दिया।
विनोद गुप्ता-आरंग

Related Articles

Back to top button