जिला स्तरीय जैविक खेती कृषि मेला सम्पन्न-मंत्री गुरु खुशवंत ने जैविक खेती अपनाने के लिए किसानों को किया प्रेरित

आरंग।आरंग के टाउन हॉल में जिला स्तरीय जैविक खेती कृषि मेला का आयोजन किया गया जिसमें छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने किया। के. के. भरद्वाज, देवनाथ साहू, अशोक चंद्राकर,लुकेश साहू, हिरामन कोसले, नरेंद्र लोधी श्रीमती पद्मनी साहू, चंद्रशेखर साहू, संतोष चंद्राकर भी अतिथि के रूप उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने सभी कृषकों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कृषि उत्पादन में रासायनिक उर्वरकों एवं जहरीले कीटनाशकों का अत्यधिक उपयोग अब एक खतरनाक स्तर तक पहुँच चुका है, जो मानव स्वास्थ्य, मृदा स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के लिए गंभीर रूप से हानिकारक है। उन्होंने कहा कि मानव और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए जैविक खेती ही एकमात्र प्रभावी विकल्प है। कार्यक्रम में उप संचालक कृषि सतीश अवस्थी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए जैविक खेती को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला और कृषकों से इस दिशा में आगे आने का आह्वान किया।कृषि विज्ञान केंद्र से आए वैज्ञानिकों ने जैविक खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी। वहीं इफ्को से उपस्थित उप महाप्रबंधक द्वारा नैनो उर्वरक एवं नैनो डीएपी के उपयोग की जानकारी दी गई। इस अवसर पर ड्रोन दीदीयों द्वारा ड्रोन के संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।कृषि एवं उससे संबद्ध विभागों तथा निजी जैविक संस्थानों द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जिनका अवलोकन मंत्री द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जैविक प्रमाणीकरण प्रमाण पत्र, का वितरण किया। इसके साथ ही मत्स्य पालन विभाग के अंतर्गत मत्स्य कृषकों को मत्स्य प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में कृषकों के अलावा जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
विनोद गुप्ता-आरंग



