Blog

गणतंत्र दिवस-शासकीय नवीन महाविद्यालय में फहराया गया ध्वज-संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्रहित में कार्य करने का लिया संकल्प

गणतंत्र दिवस-शासकीय नवीन महाविद्यालय में फहराया गया ध्वज-संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्रहित में कार्य करने का लिया संकल्प

आरंग। भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर ग्राम राखी, विकासखंड आरंग स्थित शासकीय नवीन महाविद्यालय नवागांव सेक्टर–28 में देशभक्ति और उल्लास से परिपूर्ण भव्य समारोह का आयोजन किया गया। प्रातः 7:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि देवराज जांगड़े अध्यक्ष, जनभागीदारी समिति ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया। राष्ट्रगान की गूंज के बीच उपस्थित जनसमूह ने तिरंगे को नमन किया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि देवराज जांगड़े ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संविधान की आत्मा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से संविधान के आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी प्राचार्य जी.पी.यदु ने महाविद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से जागरूक और जिम्मेदार नागरिक गढ़ना ही गणतंत्र की सच्ची सेवा है।विशेष अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष रिंकू चंद्राकर, जनपद सदस्य श्रीमती पद्मनी साहू तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला राखी की प्राचार्य श्रीमती पुष्पा साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए राष्ट्रनिर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया।समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीतों एवं प्रेरक प्रस्तुतियों ने वातावरण को देशप्रेम से सराबोर कर दिया। अंत में सभी ने संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
विनोद गुप्ता-आरंग

Related Articles

Back to top button