Blog

​आनंद मार्ग मिडिल स्कूल के नन्हे सितारों ने बिखेरी चमक-वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

​आनंद मार्ग मिडिल स्कूल के नन्हे सितारों ने बिखेरी चमक-वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

​आरंग। ग्राम जरौद (उमरिया) स्थित आनंद मार्ग मिडिल स्कूल में वार्षिक उत्सव का आयोजन बेहद हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का ऐसा शानदार प्रदर्शन किया कि मौजूद दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने पूरे माहौल में समां बांध दिया।​कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ स्वागत नृत्य के साथ हुआ। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। स्कूली बच्चों ने जब देशभक्ति गीतों पर नृत्य पेश किया, तो उपस्थित जनसमूह जोश से भर उठा। वहीं, क्षेत्रीय लोक नृत्यों के जरिए छत्तीसगढ़ी संस्कृति की सुंदर झलक पेश की गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। ​सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच-बीच में बच्चों ने सामाजिक विषयों पर आधारित लघु नाटकों का मंचन भी किया। इन नाटकों के माध्यम से नन्हे कलाकारों ने शिक्षा का महत्व और पर्यावरण संरक्षण जैसे गंभीर विषयों पर कड़ा संदेश दिया। अभिनय के जरिए बच्चों ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की। ​इस भव्य आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। स्कूल के शिक्षकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। मंच पर आने से उनके भीतर का संकोच दूर होता है और आत्मविश्वास का संचार होता है, जो भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। ​वार्षिकोत्सव के समापन सत्र में शैक्षणिक सत्र और खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। ​अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के उच्च स्तरीय आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। इस अवसर पर प्रधान अध्यापक शेष नारायण मन्नाडे, रजनी विश्वकर्मा, डिगेश्वरी निषाद, कविता, श्वेता, सुमित्रा, अंजलि, जमुना, शमिता शिवंकर, काजल एवं बड़ी संख्या मे पालकगण व आसपास के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन आचार्या अव. आनन्द ज्ञानव्ही द्वारा प्रस्तुत किया गया।उपरोक्त जानकारी आचार्या अवधिका आनन्द सुमन्ता द्वारा प्रदान की गई।
विनोद गुप्ता-आरंग

Related Articles

Back to top button