आग की दहशत से थमा हाईवे, दूर-दराज तक जाम-लखौली-गुजरा फाटक तक फंसे रहे वाहन

आरंग। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर छुईपाली के पास एलपीजी सिलेंडरों से भरी पिकअप वाहन में लगी भीषण आग का असर केवल घटनास्थल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आग और सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका के चलते सुरक्षा कारणों से यातायात रोके जाने से आरंग क्षेत्र के गुजरा फाटक (लखौली) तक जाम की स्थिति बन गई। आरंग पुलिस को घटना की जानकारी मिलते ही रसनी टोल नाके के पास ही गाडियो को रोकना शुरू कर दिया गया ।हादसे के चलते सरायपाली से आरंग तक 125 किमी लंबे हिस्से में नेशनल हाइवे पर भीषण जाम की स्थिति बन गई।जाम से आमजन, राहगीर और यात्री घंटों परेशान होते रहे।बताया गया कि मंदिर हसौद से आ रही पिकअप में एलपीजी सिलेंडरों में गैस लीकेज होने से अचानक आग भड़क उठी। वाहन में लदे 70 से 80 सिलेंडरों के जलने और ब्लास्ट की आशंका के कारण पुलिस-प्रशासन ने एहतियातन दोनों ओर से सड़क पर आवाजाही रोक दी। इसी वजह से दूर-दराज क्षेत्रों में भी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।जाम के चलते स्कूल वाहन,एम्बुलेंस, बसें और मालवाहक वाहन रास्ते में फंसे रहे। यात्रियों को कड़ी धूप में घंटों इंतजार करना पड़ा, वहीं छोटे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग वैकल्पिक मार्ग तलाशते नजर आए, लेकिन मुख्य मार्ग बंद होने से परेशानी और बढ़ गई।हालांकि मौके पर फायर ब्रिगेड और रायपुर से पहुंची SDRF टीम द्वारा आग पर काबू पाने के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई और यातायात बहाल किया गया। प्रशासन की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन आग की घटना के कारण उत्पन्न जाम ने क्षेत्र के लोगों को खासा परेशान कर दिया।
विनोद गुप्ता-आरंग


