नव गठित नगर पंचायत के कर्मचारियो को वेतन के पड़े लाले-नपं अध्यक्ष ने वेतन हेतु राशि जारी करने लिखा पत्र….

आरंग। नगर पंचायत समोदा में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन को लेकर बड़ी समस्या सामने आ रही है। वहां कार्यरत कर्मचारियों का लगभग 05 माह का वेतन लंबित है। नगर पंचायत समोदा के अध्यक्ष ने इसे गंभीरता से लेते हुए विधान सभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह सहित बड़े नेताओं को वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए लंबित वेतन हेतु तत्काल राशि प्रदाय करने की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष छोटे लाल सोनकर ने खबर छत्तीसगढ़ से चर्चा करते हुए बताया कि नगर पंचायत समोदा में कार्यरत नियमित कर्मचारियों का माह अप्रैल 2025 से एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों का माह मार्च 2025 से वेतन भुगतान न होने के कारण उनके घर की आर्थिक स्थिति बहुत ही खराब हो चुकी है। 05 माह से वेतन भुगतान न होने के कारण कर्मचारियों को अपने परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो रहा है।उन्होंने बताया कि नगर पंचायत समोदा नव गठित नगर पंचायत है। चुकि निकाय के पास आय का स्रोत इतना नही है जिससे की कर्मचारियों का भुगतान किया जा सके। वर्तमान में नियमित / प्लेसमेंट कर्मचारियों का 01 माह के वेतन भुगतान में लगभग राशि रू. 11.00 लाख मासिक व्यय होता है। उन्होंने कर्मचारियों के 05 माह के वेतन भुगतान हेतु राशि रू. 55.00 लाख प्रदान करने की मांग की है ताकि कर्मचारियों का वेतन भुगतान किया जा सकें।
विनोद गुप्ता-आरंग


